Skip to content
Menu
Climate कहानी
  • आइए, आपका स्वागत है!
  • बुनियादी बातें
  • चलिए पढ़ा जाये
  • आपकी कहानी
  • सम्पर्क
  • शब्दकोश
Climate कहानी

भविष्य की तकनीक पर दांव, आज की कटौती गायब, कार्बन रिमूवल पर ऑक्सफोर्ड की सख़्त चेतावनी

Posted on February 4, 2026

दुनिया जब रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का सामना कर रही है, उसी वक्त एक अहम सवाल तेज़ी से उभर रहा है। क्या हम भविष्य की तकनीकों के भरोसे आज की एमिशन कटौती को टाल सकते हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के शोधकर्ताओं की एक नई स्टडी साफ़ कहती है, यह रास्ता न सिर्फ़ ख़तरनाक है बल्कि अंतरराष्ट्रीय क़ानून के दायरे में भी समस्या खड़ी कर सकता है।

यह अध्ययन बताता है कि कार्बन डाइऑक्साइड रिमूवल, यानी हवा से CO₂ निकालकर उसे स्टोर करना, जलवायु कार्रवाई का एक ज़रूरी हिस्सा तो है, लेकिन अगर देश इसे निकट भविष्य में एमिशन घटाने के विकल्प की तरह इस्तेमाल करने लगें, तो यह पेरिस समझौते के 1.5 डिग्री सेल्सियस लक्ष्य को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा सकता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि कई देश अपनी नेट ज़ीरो योजनाओं में भविष्य की बड़े पैमाने पर कार्बन हटाने वाली तकनीकों पर दांव लगा रहे हैं। समस्या यह है कि इन तकनीकों की व्यवहारिकता, सामाजिक स्वीकार्यता और समयसीमा को लेकर अब भी काफी अनिश्चितता है। ऐसे में ज़्यादा भरोसा तापमान में ज़्यादा और लंबे समय तक होने वाले ‘ओवरशूट’ का कारण बन सकता है, यानी वह दौर जब धरती 1.5 डिग्री की सुरक्षित सीमा से ऊपर चली जाए।

ऑक्सफोर्ड लॉ फ़ैकल्टी की प्रोफेसर लवण्या राजामणि, जो इस अध्ययन की लेखकों में शामिल हैं, कहती हैं कि कुछ देश अनिश्चित भविष्य की तकनीकों पर जुआ खेल रहे हैं। उनके मुताबिक, यह तरीका गंभीर, व्यापक और अपूरणीय जलवायु नुकसान की ओर ले जा सकता है। अध्ययन ज़ोर देता है कि निकट अवधि में एमिशन में तेज़ कटौती सिर्फ़ नैतिक ज़िम्मेदारी नहीं, बल्कि एक क़ानूनी आवश्यकता भी है।

रिपोर्ट 2025 में इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस की जलवायु परिवर्तन पर दी गई सलाहकारी राय का हवाला देती है। इसमें ‘हानि रोकथाम’ और ‘ड्यू डिलिजेंस’ के सिद्धांत को मज़बूती से परिभाषित किया गया था। इन सिद्धांतों के तहत देशों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी जलवायु रणनीतियाँ दूसरों को गंभीर नुकसान न पहुंचाएं और जोखिमों को लेकर सतर्क रवैया अपनाया जाए।

अध्ययन बताता है कि अंतरराष्ट्रीय क़ानून पहले से ही कुछ साफ़ ‘गार्डरेल्स’ तय करता है। मसलन, देशों को सबसे पहले एमिशन घटाने को प्राथमिकता देनी होगी। किसी भी कार्बन रिमूवल रणनीति का तकनीकी और सामाजिक रूप से संभव होना ज़रूरी है। इसके साथ ही यह भी देखा जाएगा कि इन उपायों से किसी तरह के नकारात्मक प्रभाव तो नहीं पड़ रहे और क्या देश विदेशों में किए जा रहे कार्बन रिमूवल पर ज़रूरत से ज़्यादा निर्भर तो नहीं हैं।

प्रक्रियात्मक स्तर पर भी पारदर्शिता अहम बताई गई है। देशों को यह साफ़ बताना होगा कि वे किस तरह के कार्बन रिमूवल पर भरोसा कर रहे हैं, भविष्य के अनुमानों के पीछे क्या मान्यताएं हैं, और उत्सर्जन व रिमूवल को अलग अलग कैसे गिना जा रहा है।

स्टडी के सह लेखक डॉ. रूपर्ट स्टुअर्ट स्मिथ का कहना है कि आज लिए जा रहे फैसले भविष्य की पीढ़ियों पर जलवायु जोखिम न थोपें, इसके लिए क़ानूनी सीमाएं बेहद ज़रूरी हैं। उनके मुताबिक, कार्बन हटाने की योजनाएं उत्सर्जन में तुरंत और गहरी कटौती की जगह नहीं ले सकतीं।

यह शोध जर्नल Climate Policy में प्रकाशित हुआ है और इसमें ऑक्सफोर्ड के साथ इम्पीरियल कॉलेज लंदन, जर्मनी और ऑस्ट्रिया के शोध संस्थानों के वैज्ञानिक शामिल हैं। रिपोर्ट का संदेश सीधा है। कार्बन हटाने की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन अगर आज की कार्रवाई टालकर भविष्य की उम्मीदों पर सब कुछ छोड़ दिया गया, तो न तो जलवायु सुरक्षित रहेगी और न ही देश क़ानूनी ज़िम्मेदारियों से बच पाएंगे।

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

क्लाइमेट की कहानी, मेरी ज़बानी

©2026 Climate कहानी | WordPress Theme: EcoCoded